छिंदवाड़ा में आज विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर करेंगे मंथन
छिंदवाड़ा, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह आज शनिवार काे जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में शामिल होंगे तथा अमरवाड़ा क्षेत्र में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
प्रभारी मंत्री सुबह 11 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां वे जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक करेंगे। बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों, जनभागीदारी और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद सुबह 11.45 बजे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसमें अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इसके बाद राकेश सिंह दोपहर 12.35 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। यहां सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल होंगे और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। दौरे के अगले चरण में प्रभारी मंत्री दोपहर 2 बजे अमरवाड़ा तहसील के खपरा चौरई-सिंगोड़ी में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दोपहर 3 बजे सिंगोड़ी से नर्मदापुरम के लिए रवाना होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे