छिंदवाड़ाः महिला प्रधान आरक्षक ने खुद को आग लगाकर की आत्महत्या, सूने मकान में मिली लाश

 


छिंदवाड़ा, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां पुलिस लाइन में पदस्थ एक महिला प्रधान आरक्षक (हेड कॉन्स्टेबल) ने खुद काे आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके सूने मकान में उनका जला हुआ शव मिला।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अजय राणा और देहात थाना निरीक्षक जीएस राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका डिप्रेशन की शिकार थीं और उनका नागपुर में इलाज चल रहा था। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शहर के साहू मोहल्ला वार्ड क्रमांक 47 निवासी 42 वर्षीय दीपा नेगी बुधवार सुबह अपनी मां के घर से गाड़ी में पेट्राेल डलवाने का कहकर निकली थीं। हालांकि, वह वहां से करीब 500 मीटर दूर प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित मकान में पहुंच गई और खुद काे कमरे में बंद कर आग लगा ली। मकान से धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से हल्का लॉक था। उसे धक्का देकर खोला गया, तो अंदर महिला प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में जमीन पर मृत पड़ी थीं। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मानसिक अवसाद से जुड़े पहलू सामने आए हैं, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

दीपा नेगी को उनके पति के निधन के बाद पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनके परिवार में एक 16 वर्षीय बेटी है, जो 10वीं कक्षा की छात्रा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, दीपा नेगी पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीएसपी अजय राणा ने बताया, शुरुआती जांच में महिला के लंबे समय से डिप्रेशन में होने और नागपुर से इलाज चलने की बात सामने आई है। सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे