छिंदवाड़ा में बैंक ऑफ इंडिया में लूट की साजिश नाकाम, शटर काटकर घुसे आरोपी, एसआई ने दबाेचा
छिंदवाड़ा, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी साजिश पुलिस की तत्परता से विफल हो गई। बैंक का शटर काटकर अंदर घुसे आरोपी ने लॉकर और चेस्ट तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशाें ने सुतली (रस्सी) बम में आग लगाकर धमाका किया और अफरा-तफरी के बीच भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने सब-इंस्पेक्टर नारायण बघेल पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया, लेकिन घायल होने के बावजूद एसआई ने उसका पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे बैंक का शटर कटा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और बैंक प्रबंधन मौके पर पहुंचे। शाखा पहली मंजिल पर होने के कारण पुलिस दो शटर पार कर अंदर पहुंची। इसी दौरान अंदर छिपे आरोपी ने पेट्रोल से तैयार सुतली बम में आग लगाकर धमाका किया, ताकि दहशत फैलाकर मौके से फरार हो सके। धमाके के बावजूद सब-इंस्पेक्टर नारायण बघेल ने आरोपी का पीछा किया। भागने के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया, जिससे उनके हाथ की उंगली में चोट आई। घायल होने के बावजूद उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। कुछ ही देर में अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
गैस कटर से काटा शटर, लॉकर तक पहुंचा आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ बैंक में घुसा था। उसके पास से गैस कटर, हथौड़ी, छेनी और लोहे काटने के अन्य औजार बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार उसने बैंक के चेस्ट और लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन समय पर पुलिस पहुंचने से वह नकदी या अन्य कीमती सामान ले जाने में सफल नहीं हो सका। फोरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच में बैंक के रिकॉर्ड रखने वाले हिस्से में आग लगाने के भी संकेत मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आग दहशत फैलाने के उद्देश्य से लगाई गई थी या साक्ष्य मिटाने के लिए।
सीसीटीवी में एक ही आरोपी, साथी की भूमिका की जांच
शुरुआत में दो आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बैंक के सीसीटीवी फुटेज में फिलहाल एक ही आरोपी दिखाई दिया है। हालांकि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है।
बैंक में नहीं था सुरक्षा गार्ड
घटना के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर बैंक में प्रवेश किया। हालांकि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से बैंक का कैश और अन्य कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ और वैज्ञानिक जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि उसने वारदात अकेले की या उसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे