सावन के अंतिम सोमवार अमरकंटक में उमड़ा आस्था का सैलाब, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया जलाभिषेक

 








अनूपपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सावन के अंतिम सोमवार को नर्मदा उद्गम स्थली अमरकंटक सहित जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। अमरकंटक में दिनभर हर-हर महादेव, बोल बम और नर्मदे हर के जयघोष सुनाई देते रहे। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया गया।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा भी समर्थकों के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इसके बाद ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने देश और प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर पहुंचे कांवड़िए

भोर होते ही महिला, पुरुष और बच्चों सहित कांवड़ियों के दल अमरकंटक पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने तीर्थकोटि सरोवर में स्नान के बाद नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना की और उद्गम कुंड से पवित्र जल भरा। इसके बाद करीब आठ किलोमीटर की पैदल यात्रा कर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक किया।

बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। रास्ते भर श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष भी बने कांवड़िया

श्रावण मास में अनूपपुर भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम भी कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने नर्मदा उद्गम से जल लेकर धार्मिक यात्रा की और बावनगढ़ पहुंचकर जगतगुरु स्वामी माउली सरकार के सानिध्य में भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक किया। यात्रा में उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

विधायक मार्को ने किया जलाभिषेक

पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को भी समर्थकों एवं श्रद्धालुओं के साथ अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने नर्मदा उद्गम कुंड से जल लिया और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन करते हुए जलाभिषेक किया।

कांग्रेस सेवा दल ने किया रुद्राभिषेक

मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार ने भी अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा का पूजन किया। उन्होंने उद्गम कुंड से जल लेकर 11 रुद्र महादेव, सिद्धेश्वर महादेव और ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया।

जिलेभर के शिवालयों में रही श्रद्धालुओं की भीड़

सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर अनूपपुर जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। लोगों ने मंदिरों के साथ अपने घरों में भी भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है।

पर्यटन स्थलों पर भी बढ़ी आवाजाही

अमरकंटक पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ माई की बगिया, सोनमुड़ा सहित अन्य प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया। इन स्थानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के कारण सावन के अंतिम सोमवार को अमरकंटक में श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला