अनूपपुर: शुक्रवार से नहाए-खाए से प्रारंभ होगा छठ महापर्व , नगर में मड़फा तालाब एवं तिपान नदी तट पर होगी पूजा

 


अनूपपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व के दौरान व्रती महिलाएं एवं पुरुष परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना के साथ भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की विधि-विधान से आराधना करेंगे।

चार दिवसीय इस महापर्व को जिला मुख्यालय सहित कोयलांचल में छठ पूजा की तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक पांडव कालीन मड़फा तालाब एवं तिपान नदी के तट पर पूजन हेतु घाट की सफाई के साथ छठी मैया के पूजन आसन की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। अमरकंटक में छठ पूजा के लिए नर्मदा तट के रामघाट, कोटि तीर्थ घाट पर होगा।

पूर्वांचल वासियों का 4 दिवसीय कार्तिक छठ पूजन महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगा। इस दिन व्रती स्नान कर घरों की साफ-सफाई एवं पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। खरना पूजन के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ करेंगे। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य छठ महापर्व का प्रमुख अनुष्ठान संपन्न होगा। इस दिन व्रती नर्मदा तट स्थित रामघाट, कोटि तीर्थ घाट सहित निर्धारित जलाशयों एवं घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को जल एवं दूध से अर्घ्य अर्पित करेंगे। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों, दीपों की रोशनी आतिशबाजी और पूजन सामग्री के बीच श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित होगा। व्रती पूरे विधि-विधान से सूर्यदेव की उपासना कर परिवार की मंगलकामना करेंगे। 16 नवंबर सोमवार को प्रातःकाल उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे और निर्जला व्रत का पारण करेंगे।

डॉ. संतोष तिवारी, गिरधारी जायसवाल ने बताया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि प्रकृति, जल, सूर्य और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व भी है। इस पर्व में स्वच्छता, संयम, पवित्लता और सामूहिक सहभागिता का विशेष महत्व है। भगवान सूर्यदेव को जीवन ऊर्जा और प्रकाश का आधार मानकर की जाने वाली यह उपासना भारतीय लोक संस्कृति, पारिवारिक एकता और अटूट आस्था का सुंदर प्रतीक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला