छतरपुर: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत, एक युवक घायल

 




छतरपुर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हमा गांव के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हमा गांव के पास रात करीब 11 बजे घटित हुआ। बड़ेरापुरा (सौंप) के रहने वाले 60 वर्षीय रामकृपाल सेन, उनका 32 वर्षीय बेटा संदीप सेन और 19 वर्षीय हेमंत कुशवाहा छतरपुर के एक निजी होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी हमा गांव के नजदीक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में रामकृपाल सेन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे घायल हेमंत कुशवाहा ने बताया कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद उसने हिम्मत जुटाकर अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना और वाहन का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। यह देख टक्कर मारने वाले बोलेरो चालक ने अपनी पहचान और सबूत मिटाने की नियत से घायल हेमंत पर हमला कर उसका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया और वाहन सहित मौके से रफूचक्कर हो गया। गंभीर रूप से घायल संदीप और हेमंत को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान संदीप ने भी दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि हमा गांव के पास एमकेसी कंपनी द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कंपनी ने मुख्य सड़क पर भारी मात्रा में मिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री फैला रखी है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से वहां कोई बैरिकेड, रिफ्लेक्टर या चेतावनी सूचक बोर्ड नहीं लगाया गया है। रात के समय सामने से आ रही गाड़ियों की तेज हेडलाइट रोशनी के कारण बाइक सवार रास्ता न दिखने से सड़क किनारे रुक गए थे, तभी पीछे से आई बोलेरो ने उन्हें कुचल दिया और बेकाबू होकर मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई।

घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को दुर्घटनास्थल से वाहन के कुछ टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिससे गाड़ी के मॉडल की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए हाईवे और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत