छतरपुर: आधी रात भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर दो बच्चियों की मौत, मां गंभीर घायल
राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, 50 हजार की तत्काल सहायता
छतरपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हिनौता थाना क्षेत्र के ग्राम क्योटा में बुधवार रात करीब एक बजे दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। मलबे में दबने से दो माह की मासूम बच्ची और उसकी किशोर बुआ की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार क्योटा गांव निवासी परिवार के सदस्य बुधवार रात कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब एक बजे मकान और उसकी दीवार अचानक गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर अंदर दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मलबे से महिला हेमा केवट (24) और दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो माह की बच्ची और 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल हेमा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल महिला का उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसार हेमा के पेट और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक हेमा के पति रामरतन काम के सिलसिले में मथुरा गए हुए थे। हादसे की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
राज्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद चंदला विधायक एवं वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार गुरुवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल हेमा केवट से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य व उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के माध्यम से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही ढहे हुए मकान के पुनर्निर्माण के लिए भी आवश्यक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हिनौता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों मृत बच्चियों के शवों का गुरुवार काे पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मकान गिरने के कारणों और उसकी स्थिति की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। दोनों बच्चियों की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे