छतरपुर में सड़क के गड्ढों के विरोध में कांग्रेस का हाईवे पर धरना, आधे घंटे जाम रहा नेशनल हाइव

 


छतरपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर में शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने हाईवे पर प्रदर्शन किया। विधायक रामसिया भारती, पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी और नीरज दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता आकाशवाणी तिराहे पर नेशनल हाइवे -39 और नेशनलहाइवे-86 पर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे से अधिक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

धरने के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बसों को रोके जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस वाहनों को भी निकलने में परेशानी हुई। इसी दौरान मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। मरीज की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों ने रास्ता बनाकर एंबुलेंस को निकाला, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा- गड्ढों के बीच सड़क ढूंढनी पड़ रही

प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गगन यादव, प्रभात अग्रवाल, सुंदर रैकवार, अनीश खान, दिलीप क्षत्रिय और अमित मोनू जैन सहित कई नेता शामिल हुए। नेताओं ने शहर की सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़कों पर इतने गड्ढे हैं कि लोगों को गड्ढों के बीच सड़क तलाशनी पड़ रही है। उनका आरोप था कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी पर सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही।

भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली के कारण जनता को खराब सड़कों की समस्या झेलनी पड़ रही है। नेताओं ने सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों की जांच कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि शहर की सड़कों की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक हाईवे पर नारेबाजी होती रही, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे