छतरपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री का पुतला दहन के दौरान आग भड़की, 2 पुलिसकर्मी व कई कांग्रेस कार्यकर्ता झुलसे

 


छतरपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के छत्रसाल चौराहे पर बुधवार को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का पुतला दहन करते समय अचानक आग भड़क गई। आग फैलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दो पुलिसकर्मी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन किया जा रहा था, इसी बीच तेज हवा और स्थिति नियंत्रण में न रहने के कारण आग अचानक बेकाबू हो गई और पास खड़े लोगों तक पहुंच गई। घटना में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी झुलस गए, जबकि कई कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भी घायल हुए हैं। सभी को आंशिक चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल छतरपुर के जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत स्थिर है और कोई गंभीर खतरा नहीं है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे