अनूपपुर: बदले मौसम में बारिश की आशंका, किसानों की बढ़ी चिंता

 




अनूपपुर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में होली से ठीक पहले मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार दोपहर से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, जो रविवार को भी बने हैं। बारिश की आशंका से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं, खासकर दलहनी और तिलहनी फसलों को लेकर। रविवार को बादलों के प्रभाव से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भारी बारिश होती है, तो पक कर तैयार खड़ी दलहनी और तिलहनी फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। रविवार सुबह भी जिले में सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी जारी रही। हवाएं शांत हैं, लेकिन बादलों के कारण धूप की तपिश कम हुई है, जिससे हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

उप संचालक कृषि विभाग कैलाश मगर के अनुसार, वर्तमान मौसम गेहूं की फसल के लिए तो अनुकूल है, लेकिन दलहन और तिलहन के लिए समस्या खड़ी कर सकता है। कई क्षेत्रों में ये फसलें पकने की कगार पर हैं और कुछ जगह कटाई भी शुरू हो चुकी है। यदि बारिश दो-तीन घंटे होकर रुक जाती है, तो खड़ी फसल को कम नुकसान होगा। हालांकि, यदि दिनभर तेज बारिश होती रही, तो फसलें खेतों में ही खराब हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त, आम के बौर (मंजर) झड़ने की भी आशंका है।

अनूपपुर जिले में इस वर्ष रबी सीजन के लिए 93,100 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 92,420 हेक्टेयर में बुवाई की गई है। इसमें गेहूं 24,700 हेक्टेयर, चना 20,450 हेक्टेयर, मसूर 23,000 हेक्टेयर, अलसी 10,700 हेक्टेयर, सरसों 8,550 हेक्टेयर और जौ 100 हेक्टेयर पर बोया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला