राजगढ़ः परिवहन विभाग ने की स्कूली बसों की जांच, नियमों की अनदेखी पर वसूला जुर्माना
राजगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को तलेन क्षेत्र में स्कूली और यात्री बसों की सघन जांच की। जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेन्द्र वैश्य के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर जुर्माना लगाया गया।
चेकिंग के दौरान चैधरी बस सर्विस की यात्री बस क्रमांक एमपी 39 पी 0502 में चालक वर्दी में नहीं मिला। इस पर विभाग ने 1000 रुपए का जुर्माना वसूला। वहीं आदर्श पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक एमपी 13 जेडएक्स 4327 में फायर फाइटर नहीं होने और चालक के वर्दी में नहीं मिलने पर 3000 रुपये का चालान किया गया। इसके बाद परिवहन टीम मास्टर माइंड स्कूल पहुंची। यहां बस क्रमांक एमपी 39 पी 0382 और एमपी 41 पी 0928 में अनियमितताएं मिलने पर कुल 5000 रुपये का चालान किया गया।
संस्कार कॉन्वेंट स्कूल की बस क्रमांक एमपी 39 पी 0260 जर्जर हालत में मिली। परिवहन विभाग ने इसका फिटनेस निरस्त करते हुए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। सर्वोदय पब्लिक स्कूल की बसों की जांच में दस्तावेज पूरे मिले। चालकों को फायर फाइटर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि स्कूल और यात्री बसों की जांच लगातार जारी रहेगी। बिना दस्तावेज या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी। इसी दौरान टीम ने तलेन स्थित सांवरिया मोटर्स हीरो होंडा शोरूम का निरीक्षण किया। यहां वाहनों के स्टॉक, सर्विस सेंटर और गैराज की व्यवस्था भी जांची गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक