भोपाल: मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष जस्टिस जैन को सेवानिृवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई

 


भोपाल, 7 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार जैन का कार्यकाल 7 अक्टूबर को पूर्ण हो गया। इस अवसर पर आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार जैन का कार्यकाल सात अक्टूबर 2022 को पूर्ण हो गया। इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष न्यायमूर्ति जैन को आयोग परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। आयोग के सदस्य मनोहर ममतानी, राजीव कुमार टंडन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बीबी शर्मा ने इस मौके पर न्यायमूर्ति जैन को शुभकामनाएं दीं और उनके गरिमामय व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। आयोग परिवार द्वारा न्यायमूर्ति जैन को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयोग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

मालूम हो कि न्यायमूर्ति जैन सिक्किम हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधिपति रहे हैं। सेवानिवृत्ति के पश्चात् न्यायमूर्ति जैन ने 30 अप्रैल 2018 को मप्र मानव अधिकार आयोग में अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था और सात अक्टूबर 2022 को आपका यह कार्यकाल पूर्ण हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे