अनूपपुर: सर्वाइकल कैंसर से बचाव अभियान: 6590 में केवल 620 किशोरियों को अबतक लगा टीका

 




अनूपपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जा रहे एच पी व्ही वैक्सीनेशन अभियान अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की 6590 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन शुक्रवार की शाम तक 6 केंद्रों में केवल 620 किशोरियों को ही टीका लगाया जा सका है।

इस कार्य में लक्ष्य के अनुपात में अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विकासखंड काफी धीमी गति से कार्य कर रहे हैं। कार्य के लिए 3 महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है जिसमें से पहला महीना बीतने को है बावजूद इसके लगातार वैक्सीनेशन कार्य पिछड़ते जा रहा है।

6 केंद्रों पर चल रहा टीकाकरण

जिले में वैक्सीनेशन के लिए पांच स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें जिला चिकित्सालय अनूपपुर सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा, कोतमा, जैतहरी, पुष्पराजगढ़ तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी शामिल हैं। इन केंद्रों पर निर्धारित आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है।

स्कूल व छात्रावास बंद होने से बढ़ी चुनौती

स्वास्थ्य विभाग के सामने वर्तमान में स्कूल और छात्रावास बंद होने के कारण बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पहले स्कूलों के माध्यम से छात्राओं तक आसानी से पहुंच बनाई जाती थी, लेकिन अब विभाग को घर-घर जाकर टीकाकरण के लिए टीम की मदद लेनी पड़ रही है। इससे अभियान की रफ्तार प्रभावित हो रही है।

सीईओ के निर्देश के बावजूद नहीं बढ़ी रफ्तार

एच पी व्ही वैक्सीनेशन अभियान को लेकर के बीते दिनों मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने जिला पंचायत कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की समीक्षा की थी। बैठक में उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र टीकाकरण पूर्ण करने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है।

विकासखंडवार टीकाकरण की स्थित

जिले के 4 विकासखंडवार में में कुल 6590 किशोरियों टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया हैं जिसमें 620 को लगाया जा चुका हैं। अब अक विकासखंड अनूपपुर में लक्ष्य 3601 शुक्रवार की शाम तक 277 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका हैं। विकासखंड जैतहरी में लक्ष्य 557 में 103, कोतमा 669 में 117, पुष्पराजगढ़ में 1763 में आज तक 123 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका हैं।

टीकाकरण प्रभारी डॉक्टर मोहन सिंह श्याम ने बताया कि वैक्सीनेशन का कार्य है जल्द ही हम लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कर लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला