जबलपुर सेंट्रल जेल के समोसे-आलूबंडे की बढ़ी मांग, ऑनलाइन डिलीवरी की तैयारी में प्रशासन
जबलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे समोसे और आलूबंडे प्रशासन द्वारा जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर संचालित कैंटीन के माध्यम से बनाये आउटलेट केंटीन से विक्रय किये जा रहे है जो अब लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए जेल प्रशासन इन स्नैक्स की ऑनलाइन डिलीवरी शुरू करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है।
पूरी व्यवस्था जेल प्रहरियों की निगरानी में संचालित होती है। प्रशिक्षित बंदी जेल परिसर में स्नैक्स तैयार करते हैं, जबकि खुली जेल के बंदी जेल के बाहर संचालित कैंटीन में उनकी बिक्री की जिम्मेदारी संभालते हैं। लगभग एक माह पहले शुरू हुई इस पहल में अब प्रतिदिन करीब एक हजार समोसे और आलूबंडे की बिक्री होने लगी है।
कैंटीन में समोसा और आलूबंडा मात्र 10 रुपये प्रति नग की दर से उपलब्ध है। प्रतिदिन सुबह करीब आठ बजे जेल परिसर में तैयार किए गए स्नैक्स कैंटीन पहुंचाए जाते हैं।
जेल प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल स्वादिष्ट और किफायती नाश्ता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बंदियों को रोजगारपरक कौशल देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसी उद्देश्य से बंदियों को समोसा, आलूबंडा और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जेल प्रशासन प्रत्येक समोसे और आलूबंडे की बिक्री पर संबंधित बंदियों को 50 पैसे का कमीशन भी देता है। इससे बंदियों को आर्थिक प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने का आत्मविश्वास भी मिल रहा है।
बढ़ती मांग को देखते हुए अब कार्यालयों, संस्थानों और निजी आयोजनों के लिए अग्रिम ऑर्डर भी स्वीकार किए जा रहे हैं। उपभोक्ता कैंटीन से संपर्क कर पहले से ऑर्डर बुक कर निर्धारित समय पर डिलीवरी प्राप्त कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक