उज्जैन में सड़क धंसने से नाले में पलटा सीमेंट से भरा ट्राला, 3.50 लाख का माल बर्बाद

 


उज्जैन, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में लगातार जारी मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार सुबह एमआर-5 रोड पर माल अनलोड करने पहुंचा सीमेंट से भरा एक ट्राला सड़क के अचानक धंसने के कारण असंतुलित होकर पास के ही एक गहरे नाले में पलट गया। इस घटना में 3.50 लाख रुपये की सीमेंट पानी में मिलकर बर्बाद हो गई। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना एमआर-5 रोड पर स्थित 'शिव शक्ति सीमेंट' नामक दुकान के ठीक सामने की है। बुधवार सुबह सीमेंट की बोरियों से लदा एक ट्राला दुकान पर माल खाली करने के लिए पहुंचा था। दुकान संचालक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश के कारण सड़क किनारे बने नाले के पास की अंदरूनी मिट्टी पूरी तरह बह चुकी थी, जिससे ऊपर से पक्की दिखने वाली सीमेंट की सड़क नीचे से खोखली और बेहद कमजोर हो गई थी। जैसे ही ड्राइवर ने माल उतारने के लिए ट्राले को सड़क के किनारे खड़ा किया, भारी वजन के कारण जमीन अचानक नीचे धंस गई। वाहन का संतुलन इस कदर बिगड़ा कि पूरा ट्राला पलटते हुए सीधे नाले में जा गिरा।

हादसे के वक्त ट्राला पूरी तरह से सीमेंट की बोरियों से भरा हुआ था। नाले के गंदे और बारिश के पानी में गिरने के कारण ट्राले में लदी करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य की सीमेंट की बोरियां पूरी तरह भीग गईं। पानी लगते ही पूरी सीमेंट खराब हो गई और वह किसी काम की नहीं रही, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।

इस हादसे के बाद इलाके के स्थानीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि नाले के आसपास की सड़क के जर्जर होने और मिट्टी धंसने की आशंका को लेकर उन्होंने पहले भी कई बार नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित विभाग को शिकायतें भेजी थीं। अगर नगर निगम ने समय रहते हमारी शिकायतों पर संज्ञान लिया होता तो आज यह हादसा नहीं होता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत