राजगढ़ में स्वास्थ्य केंद्र से 137 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी, कर्मचारी पर केस दर्ज

 


राजगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक आउटसोर्स कर्मचारी पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 137 जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगा है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीएमओ की शिकायत पर हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार जीरापुर के बीएमओ 41 वर्षीय डॉ. सुनील पुत्र राधेश्याम चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी अर्जुन बैरागी, निवासी लखोनी, ने पिछले दो महीनों के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार कर जन्म प्रमाण पत्र जारी किए। प्राथमिक जांच में कुल 137 फर्जी प्रमाण पत्र जारी होने की पुष्टि हुई है, जिससे सरकारी अभिलेखों में गंभीर गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर माचलपुर पुलिस ने आरोपी अर्जुन बैरागी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित दस्तावेज जब्त किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह एक गंभीर अपराध है और दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक