साढ़े तीन बीघा जमीन बेचने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप
राजगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में साढ़े तीन बीघा जमीन की बिक्री को लेकर पति-पत्नी और उनके परिजनों के बीच विवाद हो गया। गुरुवार को हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने साले पर छुरी से हमला कर सिर में चोट पहुंचाने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने पति पर मारपीट करने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदेरी निवासी इंदरसिंह (40), पुत्र लक्ष्मण सौंधिया ने शिकायत में बताया कि उसने अपनी पत्नी इकलेशबाई के नाम साढ़े तीन बीघा जमीन कर दी थी। आरोप है कि पत्नी इकलेशबाई, ससुर फूलसिंह और साले जगदीश ने उसकी सहमति के बिना जमीन बेच दी। गुरुवार को इसी मामले में पूछताछ करने पर विवाद हो गया। इंदरसिंह का आरोप है कि इस दौरान साले जगदीश ने छुरी से हमला कर उसके सिर के पीछे चोट पहुंचाई। वहीं पत्नी और ससुर ने भी हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पत्नी ने पति पर लगाए मारपीट के आरोप
दूसरी ओर, इकलेशबाई (35) ने पुलिस को बताया कि उसके पति इंदरसिंह ने करीब तीन साल पहले उसकी सहमति के बिना गांव की सपना यादव को साढ़े तीन बीघा जमीन बेच दी थी। बाद में उसके पिता फूलसिंह ने जमीन वापस ले ली थी। इसी बात को लेकर गुरुवार को पति ने विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई बेटी निशा के साथ भी मारपीट की गई। इकलेशबाई के अनुसार, उसके पिता फूलसिंह ने बीच-बचाव किया तो इंदरसिंह धमकी देकर वहां से चला गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक