राजगढ़ः नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, आंख में अज्ञात पदार्थ फेंका, केस दर्ज
राजगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और उस पर अज्ञात पदार्थ फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार काे छात्रा अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान आरोपित लखन प्रजापति वहां पहुंचा और कथित तौर पर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपित ने अपने पास रखी बोतल से छात्रा पर अज्ञात पदार्थ फेंक दिया। छात्रा ने तुरंत अपना चेहरा दूसरी ओर घुमा लिया, जिससे पदार्थ सीधे चेहरे पर नहीं पड़ा, लेकिन उसके छींटे आंख में चले गए। छात्रा के शोर मचाने पर उसकी मां और बहन मौके पर पहुंच गईं। परिजनों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा। इस दौरान छात्रा की सहेली ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपित पहले से उसका पीछा करता था। इस संबंध में परिजनों ने उसे पहले भी समझाइश दी थी, लेकिन उसने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं। घटना के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित लखन प्रजापति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 78(1)(आई) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक