राजगढ़ः शादी का झांसा देकर युवती को इंदौर ले गया,दुष्कर्म के बाद शादी से मुकरा
राजगढ़,23 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया कि 14 नवंबर को गांव का रितेश दांगी उसे शादी का झांसा देकर इंदौर ले गया था। वहां उसने युवती को एक किराए के कमरे में रखा और उसके साथ जबरन गलत काम किया। इसके बाद आरोपित ने शादी की तैयारी करने की बात कही और वहां से चला गया। युवती के मुताबिक, काफी देर तक रितेश वापस नहीं लौटा तो उसने शाम को उसे वॉट्सऐप कॉल किया। इस दौरान आरोपित ने शादी करने से इनकार कर दिया और उसे अपने घर लौट जाने के लिए कहा, साथ ही धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से खत्म कर देगा। इसके बाद युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित रितेश दांगी के खिलाफ धारा 87, 69, 296 और 351(3)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक