राजगढ़ःयुवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म व आईटी एक्ट में केस

 


राजगढ़, 22 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती ने माचलपुर क्षेत्र के नांदरी गांव में रहने वाले युवक पर जबरन संबंध बनाने, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के बाद आरोपी पर विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट में केस दर्ज कर तलाशी शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, 30 मार्च को आरोपी विशाल पुत्र मदन मालवीय उसे राजगढ़ शहर के बीच स्थित आशीर्वाद होटल में ले गया। यहां उसने जबरन शारीरिक शोषण किया और फोटो-वीडियो बना लिए। घटना के बाद आरोपी लगातार मोबाइल पर फोटो-वीडियो भेजकर उसे डराता और मानसिक रूप से परेशान करता रहा। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपित उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर वह सामग्री को सोशल मीडिया और परिचितों में फैलाने की धमकी देता था। बदनामी के भय से वह लंबे समय तक शिकायत नहीं कर सकी। आखिरकार हिम्मत जुटाकर युवती ने पुलिस से संपर्क किया। कोतवाली थाना राजगढ़ पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपित की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक