बालाघाट: गड्ढे में गिरी कार में लगी आग, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

 


बालाघाट, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक चलती कार नियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। इससे उसमें आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर रात 11 से 12 बजे के बीच बैहर-मलाजखंड रूट पर केवलारी चौराहे के पास की है। सीतम केलकर (30 वर्ष) की मलाजखंड के पौनी में गैरेज की दुकान है। दो दिन पहले वह पत्नी सविता (28) व बेटे अभि (3) के साथ अपने गृहग्राम पोंडी गए थे। जहां पर दो दिन रुकने के बात शनिवार की रात खाना खाकर अपने माता-पिता और पड़ोस की बच्ची पूर्वी रहांगडाले (8) के साथ 6 लोग ऑल्टो कार में सवार होकर पौनी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बैहर मलाजखंड मार्ग में केवलारी चौराहा के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई और छोटे नाले में जा गिरी, जिसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में नगारची केलकर (लगभग 60 वर्ष), उनकी बहू सविता केलकर और तीन वर्षीय पोते अभि केलकर की मौके पर ही मौत हो गई।

कार चला रहे सीतम केलकर और उनकी मां नाना बाई केलकर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं कार में सवार 8 वर्षीय बच्ची पूर्वी रहांगडाले सुरक्षित बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बैहर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि यह पेट्रोल कार थी। पूरी तरह जल चुकी है। अभी इसका नंबर और मॉडल बता पाना संभव नहीं है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसे की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने चालक को झपकी आने की संभावना भी व्यक्त की है, हालांकि घायलों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का कारण बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे