मंदसौरः कार- पिकअप की टक्कर में दो दोस्त घायल, अस्पताल में भर्ती

 


मंदसौर, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में सर्किट हाउस के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में कार सवार दो दोस्त घायल हो गए। उनकी कार आगे चल रही पिकअप से टकरा गई। सूचना मिलने पर डायल-112 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय हुंडई आई-20 कार में उज्जैन निवासी संजय साहू (25) और मंदसौर के अभिनंदन नगर निवासी ओम सोनी (22) सवार थे। दोनों दोस्त नयाखेड़ा से चाय पीकर मंदसौर लौट रहे थे। सर्किट हाउस के पास अचानक पिकअप के ब्रेक लगाने से कार अनियंत्रित होकर पीछे से उसमें जा घुसी। इस टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ओम सोनी को चेहरे और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि संजय साहू के चेहरे, सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं।

चिकित्सकों ने बताया कि संजय के चेहरे पर करीब 20 टांके लगाए गए हैं। संजय साहू अपने मित्र ओम सोनी से मिलने उज्जैन से मंदसौर आए थे। दोनों नयाखेड़ा चाय पीने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया