कैबिनेट में तबादला अवधि बढ़ाने पर हो सकता है फैसला, स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति को मिल सकती है मंजूरी
भोपाल, 16 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दों में स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी दिए जाने की संभावना है, साथ ही तबादला अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है।
प्रस्तावित नीति के तहत परोपकारी, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा संचालित अस्पतालों और डायग्नोस्टिक केंद्रों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन देने की योजना है। इसके अंतर्गत इन संस्थानों को बुनियादी ढांचे के विस्तार और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अधिक आसानी से मिल सकेंगी। यह प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजेंद्र शुक्ल के विभाग द्वारा तैयार किया गया है, जिस पर अंतिम निर्णय कैबिनेट में लिया जाएगा। प्रदेश सरकार इससे पहले भी मेडिकल कॉलेजों के विस्तार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ भर्ती जैसे कदम उठा चुकी है। उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अधिक सुलभ और प्रभावी बनाना है।
कैबिनेट बैठक में तबादला नीति की अवधि बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार ने 1 जून से 15 जून तक तबादलों की अवधि निर्धारित की थी, लेकिन कई विभागों में स्थानांतरण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। इसी को देखते हुए विभिन्न विभागों और मंत्रियों की ओर से तबादला अवधि बढ़ाने की मांग सामने आई है। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले कई बार संकेत दे चुके हैं कि इस बार अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अंतिम निर्णय कैबिनेट बैठक में लिया जा सकता है।
बैठक में स्वास्थ्य नीति और तबादलों के अलावा अन्य विभागों से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। सरकार का फोकस स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत