कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 


भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से सीधे बातचीत की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित रहे।

संवाद कार्यक्रम में मंत्री शाह ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया। जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

मंत्री शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं और समाधान की उम्मीद जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे