मंत्री राकेश शुक्ला ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
भोपाल, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी स्थानीय समस्याओं, जनहित से जुड़े विषयों और क्षेत्रीय मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री शुक्ला ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं को शासन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे