कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं, अधिकारियाें काे त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
मंत्री भूरिया ने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रकरणों की जानकारी ली और जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उनमें संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान कराने का प्रयास किया। वहीं, जिन प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए गए। मंत्री भूरिया ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से सामने आई जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और पात्र मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे