कैबिनेट बैठक आज, भोपाल वेस्टर्न बायपास की पुनरीक्षित लागत पर लग सकती है मुहर, साईं मनोहर की नियुक्ति पर भी फैसला संभव
- कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा, लैपटॉप राशि अंतरण के बाद दिल्ली रवाना होंगे मुख्यमंत्री
भोपाल, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के विकास, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा के साथ मंजूरी मिलने की संभावना है। इनमें भोपाल वेस्टर्न बायपास की पुनरीक्षित लागत से संबंधित प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल है।
भोपाल वेस्टर्न बायपास परियोजना को राजधानी के यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों और बाहरी यातायात का दबाव कम करने के साथ भोपाल के आसपास की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। कैबिनेट में परियोजना की संशोधित लागत के प्रस्ताव पर निर्णय होने के बाद इसके आगे के काम को गति मिलने की संभावना है।
साईं मनोहर की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय संभव
बैठक में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी ए. साईं मनोहर को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त करने संबंधी प्रस्ताव पर भी अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा मालथोन-बीना मार्ग के विकास और चौड़ीकरण सहित सड़क एवं अधोसंरचना से जुड़े अन्य प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के समक्ष रखे जाने की संभावना है।
सुबह से व्यस्त रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भोपाल में कई कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। वह सुबह 10:40 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम के बाद 11:40 बजे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि का अंतरण करेंगे। इसके बाद करीब 11:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12:15 बजे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:50 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। ऐसे में दिनभर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और कैबिनेट में लिए जाने वाले फैसलों पर प्रदेश की नजर रहेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे