स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर विधायक विपिन जैन और नपाध्यक्ष ने दिया ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश
मंदसौर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के पर्व पर स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के मंदसौर से विधायक विपिन जैन एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने बाजार पहुंचकर खरीदारी की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और हाथ ठेला व्यापारियों से दीपावली की सामग्री खरीदकर ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश दिया।
धनतेरस के अवसर पर विधायक विपिन जैन कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ गांधी चौराहा पहुंचे। यहां से उन्होंने पैदल बाजार भ्रमण शुरू किया। इस दौरान गांधी चौराहा से बस स्टैंड, कालिदास मार्ग, घंटाघर, कालाखेत और दयामंदिर रोड क्षेत्र की दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की। उन्होंने छोटी दुकानों और हाथ ठेला व्यापारियों से धार्मिक पोस्टर, रंगोली के रंग, प्रसाद, सजावटी सामग्री, मिट्टी के दीपक सहित दीपावली में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुएं खरीदीं। विधायक ने दुकानदारों से आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक जैन ने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी प्रेम का पर्व है। हमारी छोटी-सी पहल किसी छोटे दुकानदार के परिवार की दीपावली को भी खुशियों से भर सकती है। सभी लोगों को बड़े शोरूम और बाजारों के साथ-साथ आसपास के छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, स्थानीय कारीगरों और हाथ ठेला व्यापारियों से भी खरीदारी करनी चाहिए।
इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने भी धनतेरस पर महिला पार्षदों की टीम के साथ नगर के प्रमुख चौराहों और बाजार मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से मिट्टी के दीपक और घर की सजावट में उपयोग होने वाली सामग्री खरीदी। नपाध्यक्ष ने सड़क किनारे दुकान लगाकर सामान बेचने वाले व्यापारियों से खरीदारी कर स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने और छोटे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने की पहल की।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया