अधिनियम रोककर कांग्रेस ने किया देश की 70 करोड़ महिलाओं का अपमान: चिटनिस

 


उज्जैन , 21 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में रखे गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के गिर जाने के बाद भाजपा मुखरता से आम आदमी के बीच कांग्रेस की महिला विरोधी नीति को रख रही है। मंगलवार को नगर जिला भाजपा द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई,जिसे पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने संबोधित किया और विषय को समग्रता के साथ रखा।

अर्चना चिटनिस ने कहाकि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का बीड़ा उठाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्षी दलों का कृत्य संपूर्ण नारी शक्ति का अपमान है। उन्होने कहाकि अधिनियम को रोकने का काम कांग्रेस,समाजवादी पार्टी,टीएमसी,डीएमके जैसे राजनीतिक दलों ने किया और महिलाओं-बहनों के अधिकार पर डाका डाला। विपक्षी दलों के विश्वासघात के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित देश भर की महिलाओं में आक्रोश है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को महिलाएं सबक जरूर सिखाएंगी। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि इस पर विपक्ष जश्न मनाता रहा। यह हर महिला का अपमान है।

उन्होने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का रहा है। उसने शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से प्रभावित कश्मीरी महिलाओं के अधिकार का विरोध किया। भारत के संविधान के अनुसार लोकसभा और विधानसभाओं का पुनर्गठन जनगणना के बाद परिसीमन आयोग द्वारा किया जाता है। वर्ष - 2001 की जनगणना के बाद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में यह निर्णय लिया था कि वर्ष-2026 के बाद पहली जनगणना तक परिसीमन स्थगित रहेगा, ताकि दक्षिणी राज्यों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। इसके बावजूद विपक्ष भ्रम फैला रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि परिसीमन से किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।

चिटनिस ने कहाकि देश की 70 करोड़ महिलाएं इस घटनाक्रम को देख,समझ रही हैं और इसे याद रखेंगी। यह मुद्दा अब केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, जन-जन का मुद्दा बनेगा। भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव,नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल,प्रमिला यादव,राजेंद्र भारती,राकेश पंड्या,विवेक गुप्ता,दिनेश जाटवा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल