जम्मू-कटरा हाईवे हादसे में रतलाम के कारोबारी, पत्नी और बेटे की मौत, एक साथ उठी तीनों की अर्थी
रतलाम, 21 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कटरा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में रतलाम निवासी एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में रियल एस्टेट कारोबारी करमजीत सिंह संधू (52), उनकी पत्नी और 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटा शामिल हैं। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से रतलाम में शोक की लहर फैल गई। शनिवार को तीनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकली तो माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह जम्मू-कटरा हाईवे पर हुआ। संधू परिवार कार से सफर कर रहा था। इसी दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में बिना इंडिकेटर के खड़े ट्रक में उनकी कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार करमजीत सिंह संधू, उनकी पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर रतलाम पहुंचते ही परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक छा गया। शनिवार को तीनों मृतकों की शवयात्रा एक साथ निकाली गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थी एक साथ उठने का दृश्य देख उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच मातम पसरा है। माता-पिता और भाई को एक साथ खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे शहर में इस हृदयविदारक घटना को लेकर संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा