बुंदेलखंड में भाजपा का ‘गांव-बस्ती चलो’ अभियान से बूथ मजबूत करने पर जोर, हेमंत खंडेलवाल का कांग्रेस पर हमला

 


भोपाल/निवाड़ी/टीकमगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को बुंदेलखंड क्षेत्र के निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों और “गांव-बस्ती चलो” अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

ओरछा, पृथ्वीपुर और जतारा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जिला बैठक, जनप्रतिनिधि बैठक और छोटी टोली बैठकों में खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित दल है, जबकि अन्य दल, विशेषकर कांग्रेस, व्यक्ति और परिवार केंद्रित राजनीति करते हैं।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और वे अपनी दूरदर्शी नीतियों के कारण विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। वहीं मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकारों की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब, किसान, महिला और युवाओं का सशक्तिकरण हुआ है। प्रदेश सरकार की “लाड़ली बहना” और “लाड़ली लक्ष्मी” जैसी योजनाएं भी महिलाओं और बेटियों को आर्थिक मजबूती दे रही हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना उनका दायित्व है। “गांव-बस्ती चलो” अभियान को उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आमजन से संवाद स्थापित करें और योजनाओं की जानकारी दें।

बुंदेलखंड पर विशेष जोर देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि यह क्षेत्र भाजपा संगठन और सरकार के दिल में बसता है। उन्होंने ओरछा में प्रस्तावित “राम राजा लोक” परियोजना के लिए स्वीकृत राशि का उल्लेख करते हुए क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया, जबकि कांग्रेस के पास स्पष्ट विचारधारा का अभाव है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है।

इस दौरान खंडेलवाल ने गांवों में चौपाल लगाकर हितग्राहियों से संवाद किया, योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया और टीकमगढ़ के बमौरीखास में स्वच्छता अभियान में भाग लेकर मंदिर परिसर में सफाई भी की। उनका ओरछा और टीकमगढ़ में कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने ओरछा स्थित राम राजा मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रमों में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे