विदिशा में दुष्कर्म के आरोपित के तीन मंजिला मकान पर चला बुलडोजर, आरा मशीन सील

 


भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चंदू मियां के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने जांच के बाद आरोपी की आरा मशीन को सील कर दिया। वहीं, प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और आरोपी के तीन मंजिला मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन ने मकान को अवैध निर्माण बताया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

जानकारी के अनुसार, आरोपी चंदू मियां के खिलाफ रविवार को छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोमवार को वन विभाग की टीम ने उसकी आरा मशीन की जांच की। इस दौरान वहां बिना अनुमति के बड़ी मात्रा में गीली लकड़ी रखी मिली, जिसके बाद मशीन को सील कर दिया गया।

हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ प्रशासन की यह कार्रवाई सुबह सकल हिंदू समाज और विश्व हिंदू परिषद के प्रदर्शन के बाद हुई। कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद चौराहे पर प्रदर्शन कर आरोपी की आरा मशीन बंद कराने और उसके अवैध निर्माणों को हटाने और आरोपित का एनकाउंटर करने की मांग की थी।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए दोपहर तीन बजे तक का समय दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर समाज के लोग स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए आगे आएंगे। इसके बाद प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा