भोपाल के प्रगति नगर में अवैध तीन मंजिला बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, मंत्री सारंग के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
भोपाल, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के प्रगति नगर में मंगलवार को अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तीन मंजिला इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस के संयुक्त दल द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, यह बिल्डिंग नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रगति नगर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के बनाई जा रही थी। लंबे समय से इसे लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।
मंत्री के निरीक्षण के बाद कार्रवाई तेज
स्थानीय शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने पिछले महीने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को अवैध निर्माण और अव्यवस्थित विकास पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंत्री ने कहा था कि क्षेत्र में न तो सीवेज की उचित व्यवस्था है और न ही ड्रेनेज सिस्टम, इसके बावजूद अवैध रूप से निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ऐसे निर्माणों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शासकीय भूमि पर कब्जों पर सख्ती
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमणों की सूची तैयार कर पहले ही चिन्हित किया गया था। मंगलवार को इन्हीं अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण को जमींदोज कर दिया गया।
“अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं होंगे” - मंत्री
मंत्री सारंग ने दोहराया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में सुव्यवस्थित विकास और नागरिक सुविधाओं के संरक्षण के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में नए अतिक्रमणों को शुरुआती स्तर पर ही रोका जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि क्षेत्र में निगरानी और तेज की जाएगी ताकि दोबारा अवैध निर्माण न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे