जबलपुर ; बिल्डरों की मनमानी के खिलाफ एसपी दफ्तर पहुंचीं महिलाएं, रास्ते पर विवाद गहराया

 


जबलपुर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गौरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बादशाह हलवाई मंदिर इलाके के निवासी बिल्डरों की मनमानी से बेहद परेशान हैं। मंगलवार को इस क्षेत्र की पीड़ित महिलाओं ने बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्रदर्शन कर रही महिला संतोषी कहार और अन्य निवासियों का आरोप है कि रमनजीत पाजी और कीरत पाजी नामक बिल्डर उनके आने-जाने का एकमात्र मुख्य रास्ता बंद कर रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि वे यहाँ कई दशकों से रह रहे हैं, लेकिन अब बिल्डर वहाँ निर्माण कार्य कर रास्ता ब्लॉक कर रहे हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उन्हें कथित रूप से पुलिस और प्रशासन के नाम पर धमकियाँ दी जा रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम की पानी की टंकी का रास्ता भी बाधित किया जा रहा है, जिससे लगभग 150 परिवारों के सामने बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है।

इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक का आम रास्ता बंद करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि निवासियों से प्राप्त आवेदन को तुरंत ग्वारीघाट थाना प्रभारी और संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार व एसडीएम के पास भेजा जा रहा है।

मामले की तह तक जाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी मदद ली जाएगी ताकि रास्ते और पानी की समस्या का त्वरित निराकरण हो सके। पुलिस अधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि कोई भी अवैध रूप से रास्ता रोकने या लोगों को धमकाने का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक