बीयू के नए कुलगुरु ने संभाला कार्यभार, बोले- सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे
भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के नवनियुक्त कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया ने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास, गुणवत्ता में सुधार और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि कुलगुरु का दायित्व मिलने के साथ विश्वविद्यालय की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी मिली है।
प्रो. बेदिया ने कहा कि विश्वविद्यालय के विकास के लिए सभी को सकारात्मक सोच के साथ मिलकर काम करना होगा। शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से ही संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान और उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।
सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों पर जोर
कुलगुरु कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. बेदिया ने कहा कि वर्तमान में मां दुर्गा की आराधना का पावन समय चल रहा है। मां दुर्गा शक्ति, साहस और ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनसे प्रेरणा लेकर विश्वविद्यालय परिवार को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूत बनाने, समस्याओं का समाधान करने और विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।
शिक्षक संघ ने किया स्वागत
कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने प्रो. बेदिया का स्वागत किया। संघ की अध्यक्ष प्रो. मोना पुरोहित ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कुलगुरु के नेतृत्व में विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता, शोध, नवाचार और संस्थागत विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा। शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय के हित में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। संघ की ओर से आशा जताई गई कि शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलेगी और संस्थान के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
पूर्व कुलगुरुओं ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा और डॉ. एसके खटीक ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और संस्थागत विकास को लेकर अपेक्षाएं साझा कीं। इस दौरान कुलसचिव डॉ. समर बहादुर सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे