उज्जैनः तंत्र-मंत्र के नाम पर तीन सियारों की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में तंत्र-मंत्र से जुड़े अंधविश्वास के चलते तीन सियारों की बेरहमी से हत्या करने का मामला में सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जीवाजीगंज थाना पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से सियारों के शिकार और उनकी हत्या से जुड़े वीडियो भी बरामद हुए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
वन मंडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने मंगलवार को बताया कि मिथुन पुत्र राजू निवासी जीवाजीगंज के पास वीडियो मिलने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह पुष्टि हुई कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र से जुड़ी भ्रांतियों और अंधविश्वास के कारण तीन सियारों का शिकार कर उनकी हत्या की थी।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अंधविश्वास के प्रभाव में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वन विभाग ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की गैर-जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि संरक्षित वन्यजीवों के शिकार और हत्या के मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल