बृजगोपाल लोया बने मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश मीडिया प्रभारी, आशीष अग्रवाल के राष्ट्रीय टीम में जाने के बाद मिली जिम्मेदारी
भोपाल, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा ने संगठन के मीडिया विभाग में बदलाव करते हुए बृजगोपाल लोया को नया प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से बुधवार काे जारी आदेश में हुई यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। लोया पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय संगठन में मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी का पद रिक्त था।
बृजगोपाल लोया रायसेन जिले से हैं और भाजपा के मीडिया विभाग में पहले भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे प्रदेश प्रवक्ता के साथ प्रदेश सह मीडिया प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं। इस वजह से प्रदेश संगठन और मीडिया के बीच समन्वय से जुड़े कामों का उन्हें अनुभव है। प्रदेश मीडिया प्रभारी के तौर पर बृजगोपाल लोया के पास पार्टी की गतिविधियों, संगठन के कार्यक्रमों और भाजपा के आधिकारिक पक्ष को मीडिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। प्रदेश संगठन और सरकार से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर मीडिया समन्वय भी उनके दायित्व का हिस्सा रहेगा। दरअसल, आशीष अग्रवाल के राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी संभालने के बाद से प्रदेश भाजपा में नए मीडिया प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चा चल रही थी। अब लोया की नियुक्ति के साथ प्रदेश मीडिया विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे