इंदौर में पानी की टंकी से युवक का शव बरामद, छह दिन से था लापता, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

 


इंदौर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र की जबरन कॉलोनी में शनिवार को एक पानी की टंकी से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पप्पू मालवीय (45) पुत्र स्वर्गीय केशर सिंह मालवीय, निवासी जबरन कॉलोनी, के रूप में हुई है। वह पिछले छह दिनों से लापता था।

जानकारी के अनुसार, पप्पू मालवीय रविवार (26 जुलाई) को आखिरी बार मोहल्ले में दिखाई दिया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को पानी की टंकी से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जब उन्होंने टंकी के अंदर झांककर देखा तो शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रावजी बाजार थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शव निकालने के लिए पहले टंकी के ऊपर लगी फर्शी तोड़ी गई, फिर मोटर की सहायता से टंकी का पानी खाली कराया गया। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। मृतक की बड़ी बहन सुगंध चौहान ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य रविवार से बद्रीनाथ यात्रा पर गए हुए हैं। पप्पू घर में अकेला रहता था। उसकी पत्नी और बेटी कुछ वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थीं। वह पेशे से पेंटर था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे