अनूपपुर: पांच दिन से लापता केवई बुजुर्ग का शव नदी में मिला

 


अनूपपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में केवई नदी के द्विधारा घाट पर बिजुरी थाना क्षेत्र के तरसीली गांव निवासी 54 वर्षीय रामपति साहू का शव मिला। वे पिछले 5 दिनों से लापता बताया जा रहा था।

रामपति साहू का शव शुक्रवार की शाम सीतामढ़ी पिकनिक स्पॉट के पास कलधवा गांव के नजदीक नदी में बहता मिला। एक स्थानीय ग्रामीण की सूचना के बाद उनके बेटे ने कोतमा पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शनिवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।

जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक अजय तोमर के अनुसार परिजनों ने बताया कि रामपति साहू मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। वे काम के सिलसिले में रोजाना तरसीली से छुलहा गांव पैदल आते-जाते थे और रास्ते में पड़ने वाली केवई नदी पार करते थे। वे पिछले 5 दिनों से लापता थे और परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, हालांकि थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर परिजनों ने कोई साफ जवाब नहीं दिया है।

पुलिस को मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन नदी में काफी दूर तक बहने के कारण शरीर पर खरोंचें आई हैं। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करते वक्त वे पानी के तेज बहाव में बह गए होंगे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला