मंदसौरः लापता बालक का शव तालाब से मिला

 


मंदसौर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम सेजपुरिया में मंगलवार रात लापता हुए एक बालक की तलाश बुधवार सुबह दुखद रूप से पूरी हुई। रातभर चले सर्च आपरेशन के बाद खोजी दल को बालक का शव तालाब से मिला। घटना की सूचना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मंगलवार रात बालक के अचानक लापता होने के बाद कन्हैयालाल पुत्र जगदीश कुमावत उम्र पांच वर्ष पानी में बह जाने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही नई आबादी पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च आपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम के साथ पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग भी बालक की तलाश में जुटे रहे। बालक की तलाश के लिए रातभर तालाब में सर्च आपरेशन चलाया गया। बुधवार सुबह खोजी दल को बालक मृत अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सर्च आपरेशन के दौरान सेजपुरिया के सरपंच और चौकीदार सहित नई आबादी पुलिस के एएसआई और थाने का स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। नायब तहसीलदार राहुल डाबर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी रात मामले पर नजर बनाए रहे। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। बालक की मौत से परिजन सदमे में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया