उज्जैन में होटल से मिली गाजियाबाद के युवक की लाश

 


उज्जैन, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल महालोक के नीलकंठ द्वार के ठीक सामने स्थित होटल के कमरे से एक युवक की लाश मिली। शुक्रवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने के बाद होटल कर्मचारियों ने महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी थी। दरवाजा खुलने पर अंदर युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त हो चुकी है। उसके परिजनों को सूचना दी गई है। मृतक के साथ गाजियाबाद से आया उसका साथी गायब है।

महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टेंपल में युवक की लाश संदिग्ध स्थिति में मिलने पर पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो परिचय पत्र मिले। इस आधार पर मृतक की शिनाख्ती न्यू कोटगांव, गाजियाबाद निवासी मुकेश (38) पुत्र वीरसिंह के रूप में हुई है। मृतक का भाई शनिवार को उज्जैन आएगा,तभी शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

परिजनों ने मोबाइल फोन पर बताया कि मुकेश कुमार एक सितंबर को अपने दोस्त विनीत गोयल के साथ उज्जैन पहुंचा था। दोनों ने महाकाल लोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टे पल व्यू में कमरा लिया था। होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों युवक करीब दो दिन तक साथ रहे। इस दौरान वे शराब पीकर होटल आते-जाते थे। 3 सितंबर को विनीत ने होटल का पूरा बिल चुकाया और किसी को कुछ बताए बिना वहां से चला गया। इसके बाद वह होटल में वापस नहीं आया। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विनीत कब और किस तरह होटल से निकला। उसके मोबाइल और अन्य संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।

मामला संदिग्ध है: थाना प्रभारीइस संबंध में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि युवक की मौत किस वजह से हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल