इंदौर के ट्रांसपोर्ट नगर में फुटपाथ पर मिला हम्माल का शव, पत्थरों से वार कर हत्या, साथी फरार
इंदौर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में भंवरकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुवार सुबह एक हम्माल का शव फुटपाथ पर खून से लथपथ मिला। मृतक की पहचान 50 वर्षीय गोल्डी के रूप में हुई है। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्थरों से वार कर उसकी हत्या की गई। घटना के बाद से मृतक का साथी बंटी फरार है।
पुलिस को सुबह करीब 6 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में फुटपाथ पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर एफआरवी और भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, गोल्डी के चेहरे पर खून लगा हुआ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। टीआई संतोष दूधी के मुताबिक, गोल्डी ट्रांसपोर्ट नगर में हम्माली का काम करता था। इसके साथ ही वह ट्रकों की चौकीदारी भी करता था। वह कई वर्षों से ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में रह रहा था और फुटपाथ पर ही सोता था।
पुलिस के अनुसार, गोल्डी के साथ उसका साथी बंटी भी रहता था। घटना के बाद से बंटी मौके से गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद घटना की वजह और हत्या के घटनाक्रम के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, सीसीटीवी से जुटा रहे सुराग
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और गोल्डी के साथ आखिरी बार कौन था। मामले में जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे