अनूपपुर: नेत्रहीन युवा की नर्मदा में स्नान के दौरान डूबने से मृत्यु
अनूपपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पर्यटन एवं धार्मिक नगरी अमरकंटक में रविवार को नर्मदा नदी के उत्तर तट पर 25 वर्षीय नेत्रहीन युवा का स्नान करते समय डूबने से मृत्यु हो गई। स्थानीय गोताखोरों को लगाकर नदी से मृतक का शव निकाला गया। अमरकंटक पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया हैं।
जानकारी के अनुसार जबलपुर के शासकीय राज अपंग संस्थान में अध्यनरत 25 वर्षीय नेत्रहीन युवा शिरीष नामदेव पुत्र राज नारायण नामदेव निवासी रीवा सहित निजी संस्थान से अध्यनरत लगभग 86 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारी अपंग संस्थान के नर्मदा नदी के रामघाट में स्नान कर रहे थे तभी शिरीष नामदेव गहरे पानी में चला गया और डूबने से असमय मृत्यु हो गई। जिसे नहा रहें अन्य साथी नहीं देख पाए कारण सभी साथी नेत्रहीन हैं। शिरीष नामदेव जबलपुर में रहकर एम ए की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से मृतक का शव निकाला। जो लगभग डेढ़ घंटे बाद मिला। इसके पूर्व होमगार्ड जवान तथा जलगांव महाराष्ट्र से आए युवक ने काफी खोजबीन की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला