जबलपुर : जिला न्यायालय परिसर में धमाके की आवाज से हड़कंप

 


जबलपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को कोर्ट नंबर-2 के सामने खुले परिसर में अचानक जोरदार धमाके की आवाज गूंज उठी। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद वकील, फरियादी और न्यायालय कर्मचारी सहम गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बाद कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना कोर्ट रूम के बाहर खुले क्षेत्र में हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि धमाका काफी शक्तिशाली था और घटनास्थल पर बम जैसे पदार्थ के अवशेष भी मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सुतली बम था, सूअर मार बम था या किसी ने शरारत के उद्देश्य से विस्फोटक फेंका था।

घटना के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। इसके बावजूद कोई व्यक्ति विस्फोटक सामग्री लेकर परिसर के भीतर कैसे पहुंच गया, यह गंभीर जांच का विषय है।

अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं न्यायालय प्रशासन द्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

जिला अधिवक्ता संघ ने इस मामले को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग करने की बात कही है।

अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय जैसे संवेदनशील परिसर में सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक