आगरमालवाः भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न

 


आगरमालवा, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में पं.दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किये गये दो दिवसीय प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ। स्थानीय एक निजी गार्डन में बारह सत्रों में हुए प्रशिक्षण वर्ग में तीन सांसदों व चार विधायकों के साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकारों की उपलब्धियां बहुत है। यदि हम पूर्ववर्ती गैर भाजपा सरकारों से तुलना करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अधोसंरचना को लेकर बहुत अधिक विकास कार्य किए गए हैं। एयरपोर्ट, एयरवेज, रेलवे विस्तारीकरण एवं माल परिवहन, ग्रामीण एवं शहरी सड़क निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेट्रो रेल संचालन, पावर प्रोजेक्ट, सिंचाई परियोजनाएं, लघु एवं मध्यम उद्योग एवं विभिन्न क्षेत्रों में स्थाई विकास के विचार से विकास परियोजनाएं संचालित हो रही है। हम गर्व से यह कह सकते हैं कि भाजपा सरकार व्यक्ति उत्थान एवं विकास के लिए सतत् कार्य कर रही है। इन सभी योजनाओं को प्रशिक्षण वर्ग में आप सभी ने अपने में समाहित किया यह प्रशिक्षण वर्ग की विशेषता है ।

सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि सबसे अच्छा कार्यकर्ता वह है जो देश और समाज के उत्थान एवं विकास के लिए कार्य करता है जो कार्यकर्ता राष्ट्र को विश्व गुरु बनाने एवं देश के विकास के लिए सतत् कार्य करता है वही भाजपा कार्यकर्ता है प्रशिक्षण वर्ग में हमें बहुत से विषयों पर सीखने को मिला का जो यहां सीखा उन विचारों को समाज एवं बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रशिक्षण वर्ग का प्रमुख उद्देश्य है।

सांसद महेंद्र सिंह सौंलकी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग की यही विशेषता होती है कि विषय वक्ता और श्रोता पूर्ण मनोयोग धैर्य एवं एकाग्रता के साथ वर्ग में स्वयं को समाहित कर लें। वर्ग में वरिष्ठ युवा सभी कार्यकर्ता एक साथ एक परिसर में एक समान दैनिक दिनचर्या और समन्वय के साथ इस प्रकार जुड़े जैसे एक मोती की माला में मोतियों को पिरोया जाता है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा तनोडिया ने बताया कि प्रशिक्षण में विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वक्ताओं ने अपने विचार रखे। प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रभारी बहादुरसिंह मुकाती, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नीबाई चैहान, लखन धनगर, विधायक मधु गेहलोत, दिलीप सकलेचा, गोविंदसिंह बरखेडी, चितामण राठौर, पूर्व विधायकगण लालजीराम मालवीय, फूलचंद वेदिया, बद्रीलाल सोनी, मुरलीधर पाटीदार, राणा विक्रमसिंह, जिला महामंत्री मंयक राजपूत, सुरजसिंह परिहार, रामेश्वर तेजरा मंचासीन रहे।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा