(अपडेट) भाजपा ने प्रभु श्रीराम की समरसता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महेश केवट को दिया अवसर- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व ने राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन कराया दाखिल

भोपाल, 08 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेतृत्व ने सोमवार को मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र दाखिल कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

नामांकन से पूर्व महेश केवट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।

समरसता और सामाजिक प्रतिनिधित्व का प्रतीक है महेश केवट की उम्मीदवारी : डॉ. मोहन यादव

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश की तीनों रिक्त राज्यसभा सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है और पार्टी के तीनों प्रत्याशी विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर सामाजिक समरसता और सम्मान का संदेश दिया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने समाज के वंचित और प्रतिनिधित्व से दूर रहे वर्गों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महेश केवट बचपन से स्वयंसेवक रहे हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भाजपा युवा मोर्चा तथा संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी उम्मीदवारी भाजपा की “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की विचारधारा का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा मध्यप्रदेश में अपनी विजय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राज्यसभा की तीनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

भाजपा की संगठनात्मक शक्ति ही जीत का आधार : हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के पास राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए पर्याप्त संख्या बल है और भाजपा पूरे आत्मविश्वास एवं मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति इस चुनाव में पार्टी की विजय का आधार बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस स्वयं भ्रम और असमंजस की स्थिति में है। उसके नेताओं के बयान परस्पर विरोधाभासी हैं और पार्टी के भीतर ही कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़ अपनी संगठनात्मक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है और शीर्ष नेतृत्व द्वारा समर्पित कार्यकर्ताओं को राज्यसभा भेजने का निर्णय संगठन की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति को और मजबूत करता है।

भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है : महेश केवट

राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने नामांकन के बाद पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने निषाद एवं माझी समाज से आने वाले एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा रखने वाला कार्यकर्ता भी सर्वोच्च दायित्वों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व उन्हें मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था और अब राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अवसर देकर पार्टी ने उनका सम्मान बढ़ाया है।

महेश केवट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल सहित समस्त पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दिए गए इस दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाज और संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे