जबलपुरः केंद्रीय मंत्री मेघवाल का कांग्रेस पर हमला, बोले- अराजकता से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश
जबलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार को जबलपुर पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर देश की छवि और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
मेघवाल ने कहा कि चुनाव आयोग से मिलने और सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। 300 नेताओं के एक साथ पहुंचने को उन्होंने अव्यवस्था फैलाने की कोशिश बताया। राहुल गांधी के ‘रिजीम चेंज’ बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि 2024 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनादेश दिया है। सत्ता परिवर्तन सड़कों पर मार्च करने से नहीं, चुनाव के जरिए होता है।
भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताए जाने पर मेघवाल ने कहा कि देश 7.8 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दिवाली से पहले कांग्रेस की रैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि व्यापारियों की अपील और सिखसमुदाय की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पदयात्रा के जरिए जनता को कांग्रेस की राजनीति से जागरूक किया जाएगा और जबलपुर से संदेश दिया जाएगा कि देश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक