जबलपुरः भाजपा पार्षद और एएसआई में विवाद, गोहलपुर थाना में हंगामा
जबलपुर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गोहलपुर थाना क्षेत्र में रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा पार्षद और एक एएसआई के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। मामले के बाद माहौल इतना गरमा गया कि पार्षद के समर्थन में नगर निगम के एमआईसी सदस्य, अन्य पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता गोहलपुर थाना पहुंच गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित एएसआई के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर होंगे। पार्षद के अनुसार, उनका भतीजा बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था, जिसे पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोक लिया। उसी दौरान वे अधारताल से रानीताल अपनी बेटी को कोचिंग से लेने जा रहे थे और भतीजे को देखकर मौके पर रुक गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चालान कटने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा।
घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और एएसआई को निलंबित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बाबा श्रीवास्तव का कहना है कि कार्रवाई में देरी हो रही थी, इसलिए उन्होंने अपने भतीजे को बेटी को लेने भेजने की बात कही, लेकिन मौके पर मौजूद एएसआई ने उसे जाने नहीं दिया। आरोप है कि इस दौरान एएसआई ने उनकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की, जिससे विवाद और बढ़ गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक