कार्यकर्ता भाजपा का चेहरा, यही जनता के बीच पार्टी की बनाते हैं छवि : विष्णुदत्त शर्मा
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने सक्रिय सदस्य सम्मेलन और बूथ समिति बैठक को किया संबोधित
पन्ना/कटनी, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ के कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हमने सदस्यता अभियान में मध्य प्रदेश भाजपा ने 1.72 करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य जोड़े। आप भाजपा के चेहरे हैं और आप ही जनता के बीच भाजपा की छवि बनाते हैं। आपके बल पर ही मध्य प्रदेश का भाजपा संगठन देश में आदर्श संगठन के रूप में जाना जाता है। भाजपा महापुरूषों के त्याग, तपस्या और बलिदान से बनी है, हमारी पार्टी राष्ट्र प्रथम के भाव से कार्य करते हुए देश सेवा के लिए समर्पित है। कार्यकर्ता बूथ-बूथ पर वंचितों को खोजकर प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने गुरुवार को पार्टी के स्थापना दिवस के तहत ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ में पन्ना जिले के गुन्नौर व कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन एवं कटनी ग्रामीण मंडल के घंघरीकला में बूथ समिति बैठक को संबोधित किया। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं लाभार्थियों से संपर्क कर चौपाल चर्चा की।
जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए डॉ. मुखर्जी ने बलिदान दिया
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई। उससे पहले भाजपा जनसंघ हुआ करती थी। 2025 तक भाजपा की विकास यात्रा किन-किन पड़ावों से होकर गुजरी है, आप सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को यह जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद प्रथम प्रधानमंत्री पं. नेहरू ने संविधान में जम्मू-कश्मीर के लिए धारा 370 का प्रावधान कर दिया। इसके अनुसार वहां का संविधान अलग, प्रधानमंत्री अलग और झंडा भी अलग हो गया। इस धारा के अनुसार जम्मू-कश्मीर में किसी सफाईकर्मी के बेटा-बेटी योग्य होने के बावजूद सफाईकर्मी ही बने रहने के लिए विवश थे। नेहरू मंत्रिमंडल में उद्योग मंत्री रहे डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने इसका विरोध कर मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और 1951 में पं. दीनदयाल उपाध्याय के साथ जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने धारा 370 के विरोध में आंदोलन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें जेल में डाल दिया गया और जेल में ही उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दे दिया।
प्रधानमंत्री मोदी अटलजी के सपने को साकार कर रहे हैं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक विजनरी नेता थे। उन्होंने मुंबई के अधिवेशन में कहा था-अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। अटलजी का यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। आज सारी दुनिया में कमल खिल रहा है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी जब विदेश यात्राओं पर जाते हैं तो दुनिया के मुस्लिम देश भी उन्हें देश के सबसे बड़े सम्मान से सम्मानित करते हैं।
पीएम मोदी अंत्योदय के सपने को पूरा करने गरीबों को दे रहे पक्के मकान
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब पं. दीनदयाल उपाध्याय के गांव नगला चंद्रभान पहुंचे, तो एक प्रदर्शनी में उन्होंने पं. उपाध्याय की झोपड़ी का चित्र देखा, जिसमें उन्होंने अपना जीवन गुजारा। उसे देखकर प्रधानमंत्री मोदी की आंखें भर आईं। उन्होंने संकल्प लिया कि आज से देश में कोई गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत हुई।
अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का कल्याण भाजपा का लक्ष्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के संस्थापकों में से एक पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने हमें एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार दिया, जिनके आधार पर भाजपा आगे बढ़ रही है और समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का कल्याण ही भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के आधार पर आगे बढ़ रही है और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। कार्यकर्ता भाजपा का ब्रांड एंबेसेडर है और हमारी जिम्मेदारी है कि वह बूथ-बूथ पर जाकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनहित के लिए लागू की गई योजनाओं का लाभ वंचितों को दिलाए।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत