भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में गुलाल लगाकर दी होली की शुभकामनाएं
भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यालय परिवार के समस्त सदस्यों को गुलाल लगाकर होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास, सहयोग और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की निरंतर बढ़ती ताकत और सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कार्यालय परिवार के सदस्यों का भी अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। पार्टी कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारी संगठन की उस मजबूत नींव की तरह हैं, जो निरंतर और निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को सशक्त बनाते हैं।
भाजपा की कार्य संस्कृति परिवार भाव आधारित
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की कार्य संस्कृति परिवार भाव पर आधारित है। यहां कार्य करने वाला प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह स्वच्छता कर्मी हो, तकनीकी सहयोगी हो या प्रशासनिक कार्यों से जुड़ा कर्मचारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी के कार्यों को गति देता है। इनकी मेहनत और अनुशासन के कारण संगठन की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भाजपा परिवार निरंतर विस्तार कर रहा है और संगठन की मजबूती में कार्यालय परिवार की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
कर्मचारियों के सुख दुख में साथ खड़ी है पार्टी
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि होली का यह पावन पर्व हमें यह संदेश देता है कि जैसे विभिन्न रंग मिलकर सुंदरता और उत्साह का वातावरण बनाते हैं, उसी प्रकार संगठन में कार्य करने वाले सभी लोग मिलकर भाजपा को और अधिक मजबूत बनाते हैं, जिसमें कार्यालय परिवार के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा में कार्य करने वाले कर्मचारी केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। संगठन सदैव उनके हितों और सम्मान का ध्यान रखता है तथा सुख-दुख के हर अवसर पर उनके साथ खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय में कार्यालय परिवार के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे